लुधियाना : भारत नगर शॉपकीपर्स एसोसिएशन की वार्षिक सभा सम्राट में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। सभा का संचालन एसोसिएशन के सदस्य संदीप सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुकानदारों और कार्यकारी सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के चेयरमैन दीपक बदयाल ने संस्था द्वारा बीते वर्ष के दौरान किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन लगातार दुकानदारों के हितों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों एवं स्थानीय प्रशासन के समक्ष उठाने का कार्य कर रही है।
समारोह के दौरान एसोसिएशन के सबसे पुराने सदस्य तेजिंदर पाल सिंह का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर और माला पहनाकर विशेष सम्मान किया गया। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1972 में स्थापित इस एसोसिएशन में वर्तमान समय में 100 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। अब सदस्यों की तीसरी पीढ़ी भी संस्था की गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे रही है।
एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य दुकानदारों की भलाई के साथ-साथ शहर के विकास और बेहतरी के लिए स्थानीय प्रशासन को उपयोगी सुझाव देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों को उपहार भेंट किए गए, जबकि कार्यकारी सदस्यों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।