अमृतसर (Naren Danu) : पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को 20 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम शर्मा निवासी अमृतसर रोड, झबाल, तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हेरोइन के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार (PB-46AJ-6021) भी जब्त की है।
विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था आरोपी
डीजीपी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार बैठे तस्करों से जुड़े एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था। उसे सीमावर्ती इलाके से हेरोइन की खेप हासिल कर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
पुलिस जांच में पता चला है कि पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन के जरिए अजनाला सेक्टर के सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाते थे, जिसे आगे नेटवर्क के जरिए राज्य में सप्लाई किया जाता था।
सोहियां कलां में कार्रवाई, दाना मंडी के पास पकड़ा गया आरोपी
सीआई अमृतसर को सूचना मिली थी कि आरोपी ओम शर्मा हाल ही में मिली हेरोइन की बड़ी खेप को आगे पहुंचाने के लिए अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित सोहियां कलां इलाके में आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोहियां कलां दाना मंडी के पास छापेमारी की और आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 किलो हेरोइन बरामद की गई।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के संबंध किन-किन तस्करों से हैं और क्या उसका पहले सामने आए अन्य नशा तस्करी मॉड्यूल से भी कोई संपर्क है।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और सीमा पार से आने वाले नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में एफआईआर नंबर 48 दिनांक 31 जुलाई 2026 को पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।