पठानकोट (Naren Danu) : पंजाब की भगवंत मान सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली 'मावां-धियां सत्कार योजना' के तहत बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार को 35.5 लाख महिलाओं के बैंक खातों में वित्तीय सहायता राशि ट्रांसफर कर दी। इसके साथ ही योजना के तहत लाभ लेने वाली महिलाओं की कुल संख्या बढ़कर 68.5 लाख हो गई है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पठानकोट में आयोजित वित्तीय सहायता वितरण समारोह के दौरान योजना की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने की तीन माह की संयुक्त किस्त एक साथ दी जा रही है।
महिलाओं को मिले 3000 और 4500 रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि सामान्य श्रेणी की महिलाओं के खातों में 3000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित महिलाओं को 4500 रुपये की राशि भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि विधवा, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन लेने वाली महिलाओं को भी पहली बार इस योजना के तहत अलग से सम्मान राशि दी जा रही है।
7 दिन में 5 लाख नए पंजीकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले सात दिनों में ही करीब 5 लाख महिलाओं ने योजना के तहत पंजीकरण कराया है, जिसके बाद कुल पंजीकृत महिलाओं की संख्या 73.5 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अभी भी जारी है और हर योग्य लाभार्थी को योजना का लाभ मिलेगा।
"यह आपका अधिकार है, किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं"
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पंजाब की माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने अपना वादा पूरा किया है।
उन्होंने कहा, "यह आपका वैध अधिकार है। अब आपको अपनी या अपने बच्चों की जरूरतें पूरी करने के लिए किसी और पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।"
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने जो गारंटी दी थी, उसे पूरा किया जा रहा है।
सीधे बैंक खातों में पहुंची राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत राशि डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। भुगतान की जानकारी लाभार्थियों को मोबाइल फोन पर भी मिल रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि किसी भी महिला को भुगतान में परेशानी न आए और राशि समय पर खाते में पहुंचे।
महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ी योजना: मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को अमीर बनाना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन देना है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता से परिवार मजबूत होता है और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ती है।
9300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के लिए सरकार ने बजट में करीब 9300 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है।
मनीष सिसोदिया ने सरकार की सराहना की
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनता से किए वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, डॉ. बलजीत कौर और लाल चंद कटारूचक सहित कई नेता मौजूद रहे।