चंडीगढ़ (Naren Danu) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पंजाब के शहरी विकास को गति देने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बड़ा निवेश किया है। उन्होंने बताया कि अमृतसर, जालंधर और लुधियाना के लिए कुल 4,485 करोड़ रुपये की लागत वाली 204 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
तीनों शहरों में ऐसे हुआ फंड का इस्तेमाल
तरुण चुघ ने राज्यसभा में दिए गए जवाब का हवाला देते हुए बताया कि—
अमृतसर: 44 परियोजनाओं पर 1,911 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जालंधर: 78 परियोजनाओं के लिए 1,186 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
लुधियाना: 82 परियोजनाओं पर 1,388 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
इन परियोजनाओं में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, खेल सुविधाओं का विकास, ठोस कचरा प्रबंधन, जलापूर्ति व्यवस्था, हरित क्षेत्रों का विस्तार और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं।
93 फीसदी परियोजनाएं पूरी होने का दावा
चुघ ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक 204 में से 190 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिन पर करीब 4,148 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह कुल स्वीकृत परियोजनाओं का लगभग 93 प्रतिशत है।
पंजाब सरकार पर लगाया सहयोग न करने का आरोप
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब के शहरों के विकास के लिए पर्याप्त धन और संसाधन उपलब्ध कराए, लेकिन राज्य सरकार की ओर से परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि केंद्र से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल पूरी पारदर्शिता, योजना और बिना भेदभाव के किया जाए।
शहरों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
तरुण चुघ ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के पूरा होने से अमृतसर, जालंधर और लुधियाना जैसे प्रमुख शहरों में बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लोगों को बेहतर परिवहन, स्वच्छता, पानी और अन्य आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।