फरीदकोट (Naren Danu) : थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस ने लूट की योजना बना रहे पांच आरोपियों को धारदार हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमोहनजीत सिंह और लखविंदर सिंह निवासी गांव शेर सिंह वाला, मोहितप्रीत सिंह और राजविंदर सिंह निवासी गांव महिमूआणा तथा हरमेल सिंह निवासी गांव बहलेवाला, जिला फरीदकोट के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारी दबिश
डीएसपी तरलोचन सिंह और थाना सदर फरीदकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सहायक थाना प्रभारी गुरबख्श सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग फरीदकोट-सादिक मुख्य मार्ग पर आदेश कॉलेज के नजदीक गांव महिमूआणा के पुल की पटरी पर इकट्ठा होकर राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं।
सूचना में यह भी बताया गया कि उनके पास हथियार मौजूद हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार बरामद, जांच में जुटी पुलिस
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कृपाण, एक गंडासी, एक लोहे की पाइप और दो कापे बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी हथियारों को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ लूट की साजिश और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
पुरानी वारदातों में संलिप्तता की होगी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी पहले किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। मामले की जांच जारी है।