ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी और अन्य नेताओं ने सचिन सिवाच, अरुंधति चौधरी, नरेंद्र बेरवाल और गुलवीर सिंह सहित पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।

नई दिल्ली (Naren Danu) : ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी उपलब्धियों को देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
सचिन सिवाच ने बॉक्सिंग में दिलाया गोल्ड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुरुषों की 60 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले सचिन सिवाच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कड़े मुकाबले वाले फाइनल में सचिन के शानदार प्रदर्शन, धैर्य और आत्मविश्वास ने उन्हें शीर्ष स्थान तक पहुंचाया। उनकी जीत ने तिरंगे को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।

नरेंद्र बेरवाल और गुलवीर सिंह को भी सराहा

राष्ट्रपति ने पुरुषों की +90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले नरेंद्र बेरवाल और 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल करने वाले गुलवीर सिंह को भी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि गुलवीर सिंह की उपलब्धि विशेष है क्योंकि यह कॉमनवेल्थ गेम्स में इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। इससे देश के युवा एथलीटों को लंबी दूरी की दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

पीएम मोदी ने अरुंधति चौधरी की जीत को बताया ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला 70 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली अरुंधति चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन के साथ इतिहास रचा है। पीएम मोदी ने कहा कि अरुंधति ने अपनी तकनीकी क्षमता और अटूट आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने भी दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने खिलाड़ियों की सफलता को उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां देश के लाखों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और मेहनत के साथ सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।