राष्ट्रपति भवन से 'रन फॉर सोल्जर्स, रन विथ सोल्जर्स' थीम पर आयोजित सोल्जरथॉन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंध मजबूत करना तथा सैनिकों के साहस, समर्पण और बलिदान को सम्मान देना है।

नई दिल्ली (Naren Danu) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित विशेष समारोह के दौरान 'पीबीजी सोल्जरथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन 'Run for Soldiers, Run with Soldiers' अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों और भारतीय सशस्त्र बलों के बीच आपसी जुड़ाव और सम्मान को और मजबूत बनाना है।
सैनिकों के साहस और बलिदान को समर्पित आयोजन

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि 'Supporting Real Heroes – The Armed Forces of India' थीम पर आधारित यह आयोजन देश के सैनिकों के समर्पण, साहस और सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से नागरिकों को सैनिकों के प्रति अपनी एकजुटता और सम्मान व्यक्त करने का अवसर मिलता है।

सेना और समाज के बीच मजबूत होगा जुड़ाव

राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, 'Run for Soldiers, Run with Soldiers' केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि सेना और आम नागरिकों के बीच विश्वास, सम्मान और सहभागिता को बढ़ाने का एक अनूठा मंच है। यह पहल लोगों को देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के योगदान को करीब से समझने और उनके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए प्रेरित करती है।

जनरल वी.के. सिंह भी रहे मौजूद

इस अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल और इस पहल के संरक्षक जनरल (डॉ.) वी.के. सिंह भी समारोह में उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस आयोजन को सैनिकों के सम्मान और समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया।