जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : शिरोमणि अकाली दल (बादल) के हलका इंचार्ज और पूर्व विधायक एस.आर. क्लेर ने सफाई सेवकों की चल रही हड़ताल का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए मौजूदा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य के सफाई सेवकों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है।
इस दौरान अकाली नेताओं ने बरनाला में सफाई सेवकों के साथ हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सफाई सेवकों की मांगों का समाधान नहीं किया गया और बरनाला घटना के पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिला, तो शिरोमणि अकाली दल इस संघर्ष को और अधिक तेज करेगा।
पार्टी नेताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस शासन में आज हर वर्ग का कर्मचारी परेशान है और अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर है।
व्यापार विंग के जिला प्रधान हरदेव सिंह बॉबी ने कहा कि सरकार के 'बदलाव' के दावों की पोल अब पूरी तरह खुल चुकी है, जहां कर्मचारियों की समस्याएं सुनने की बजाय उनकी आवाज को दबाया जा रहा है।
पार्षद दविंदरजीत सिंह सिद्धू ने कहा कि सफाई सेवक हमारे समाज का एक अनिवार्य और महत्वपूर्ण अंग हैं। सरकार को तुरंत उनकी सभी मांगों को मानकर इस हड़ताल को समाप्त करवाना चाहिए।
इस अवसर पर दीपइंद्र सिंह भंडारी, जगदीश्वर सिंह भोला, गगनदीप सिंह वाहीया, कुलप्रीत सिंह रिंकू और अमनदीप सिंह टिंका सहित कई अन्य वरिष्ठ अकाली नेता भी मौजूद रहे।