आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी पर पहले से चोरी के 10 मामले दर्ज। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी, संपत्ति अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी।

पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकान से एसी की कॉपर पाइप चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में अमरावती चौकी टीम ने इंचार्ज प्रीतम सिंह की अगुवाई में यह कार्रवाई की। डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को अमरावती एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके निर्माणाधीन मकान से एसी की कॉपर पाइप चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 जुलाई को राजेश कुमार उर्फ चिंटू निवासी पिंजौर को गिरफ्तार किया। अदालत से रिमांड मिलने के बाद पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद की गई। रिमांड पूरा होने पर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में शामिल फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।