अमृतसर (Naren Danu) : स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस ने आतंकी साजिश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) से जुड़े चार संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अमृतसर देहात पुलिस ने शुक्रवार सुबह अजनाला क्षेत्र से इन आरोपितों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों पर पहले भी पुलिस प्रतिष्ठानों और थानों को निशाना बनाने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि यह गिरोह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस चौकी पर हमले का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, आरोपितों ने 23 जुलाई की आधी रात को सीमावर्ती क्षेत्र की पुलिस चौकी चमियारी पर बोतल बम से हमला किया था। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने इस हमले की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
कई मामलों से जुड़े होने की आशंका
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों का संबंध एएसआई जोगा सिंह की हत्या और खासा सैन्य क्षेत्र के बाहर हुए धमाके जैसे मामलों से हो सकता है। पुलिस इन सभी घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
चारों आरोपितों से पूछताछ जारी
अमृतसर देहात पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रमदास निवासी:
करणबीर सिंह
मनदीप सिंह
सुखदीप सिंह
प्रदीप सिंह
के रूप में बताई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपितों से कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। चारों आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद आतंकी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में खुलासे होने की संभावना है।