मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अदानी के सहयोग के लिए जताया आभार। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में उद्योगपति ने आर्थिक मदद के साथ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए। मुख्यमंत्री राहत कोष में आने वाली सहायता का पारदर्शी तरीके से इस्तेमाल किया जाएगा।

गुवाहाटी (Naren Danu) :असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए देशभर से सहायता के हाथ आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में उद्योगपति गौतम अदाणी ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए असम मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए अदाणी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह मदद ऐसे समय में आई है, जब राज्य के कई जिले बाढ़ की मार झेल रहे हैं और हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतम अदाणी हमेशा प्रचार से दूर रहकर जरूरतमंदों की सहायता करते रहे हैं। इस बार भी उन्होंने केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं दिया, बल्कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों से सहयोग जुटाने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने कहा—

असम के कठिन समय में अदाणी समूह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
राज्य के विकास में उनके भरोसे और सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए मिला प्रत्येक सहयोग पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत कोष में समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार सहायता मिल रही है। सरकार का प्रयास है कि इस राशि का उपयोग बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, राहत सामग्री वितरण और जीवन को दोबारा पटरी पर लाने के लिए किया जाए।

उन्होंने कहा कि असम इस समय प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, लेकिन देशभर से मिल रहे सहयोग से प्रभावित लोगों को नई उम्मीद मिल रही है।