लुधियाना : शहर में सड़कें कम कूड़ेदान के अंबार ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। हालात यह है कि शहर की सड़कें कूड़ेदान बनती जा रही है। लेकिन नगर निगम इस स्थिति पर काबू पाने में विफिल साबित हो रही है। दरअसल, सफाई मुलाजिमों द्वारा अपनी मांगों को लेकर शहर की सड़कों पर कूड़ा फेंकना शुरु कर दिया गया है। शुक्रवार को मुलाजिमों द्वारा प्रताप चौक स्थित कॉम्पेक्टर, जवाहर नगर कैंप, दुगरी पुल के पास और लोधी क्लब के पास लगे कॉम्पेक्टर के बाहर कूड़ा फेंक दिया गया।
काफी दूर तक फैले कूड़े के कारण राहगीरों को निकलना तक मुश्किल हो गया। लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि इस घटनाक्रम के बावजूद मौके पर न तो निगम के अधिकारी पहुंचे और न ही संबंधित वॉर्ड के लीडरों ने वहां आने की जरुरत समझी। जिसके बाद रूट डायवर्ट किए गए। लेकिन पूरा दिन लोग ट्रैफिक जाम से जूझते रहे।
आने वाले दिनों में रह सकते यहीं हालात
जानकारी के अनुसार कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी यह हालात रह सकते हैं। क्योंकि सफाई कर्मियों का कहना है कि अगर उनकी बातें न मानी गई तो वे सड़कों पर और ज्यादा कूड़ा फेंक देगें। उनकी तरफ से घरों से भी कूड़ा उठाना बंद कर दिया गया है। जिससे घरों में भी गंदगी फैलनी शुरु हो चुकी है। वहीं शहर की सड़कों पर भी सफाई नहीं की जा रही।