एनसीपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक हंस गरचा ने टीम और समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थामा। विधायक जरनैल सिंह की मौजूदगी में हुई जॉइनिंग के दौरान छात्र नेता, समाजसेवी और कई कार्यकर्ता भी पार्टी में शामिल हुए। AAP ने इसे चुनावी तैयारियों के लिए बड़ी मजबूती बताया।

चंडीगढ़: आगामी नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ की राजनीति में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने अपनी टीम और समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी का दावा है कि गरचा के शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और उन्हें जल्द ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

यह जॉइनिंग कार्यक्रम आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह की मौजूदगी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में पार्टी की महिला विंग की जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट रिंकू बहादुरी की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र नेता देवक सोनी भी अपने समर्थकों के साथ आप में शामिल हुए। वहीं वार्ड-29 के समाजसेवी एवं एनजीओ संचालक रोहित बिड़ला ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों, ईमानदार राजनीति और विकास मॉडल से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एडवोकेट विवेक हंस गरचा जैसे जनाधार वाले नेता के शामिल होने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और इसका सकारात्मक प्रभाव आगामी नगर निगम चुनावों में देखने को मिलेगा।

महिला विंग की जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट रिंकू बहादुरी ने कहा कि पिछले कई सप्ताह से विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और युवा संगठनों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इसी प्रयास का परिणाम है कि बड़ी संख्या में प्रभावशाली लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने एडवोकेट विवेक हंस गरचा और उनकी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और जनसंपर्क का लाभ संगठन को मिलेगा।

इस अवसर पर आप चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह, महासचिव ओंकार सिंह औलख, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, पार्षद हरदीप सिंह, योगेश ढींगरा, ऑब्जर्वर विनीत वर्मा, रूरल प्रधान जगपाल जग्गा सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पारदर्शिता और जनसेवा आधारित राजनीति से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि वे चंडीगढ़ के युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

पार्टी नेताओं का मानना है कि नगर निगम चुनाव से पहले विवेक हंस गरचा और उनके समर्थकों का आम आदमी पार्टी में शामिल होना संगठन के विस्तार और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।