लुधियाना : भारतीय विद्या मंदिर, यू.एस.एन., लुधियाना के विद्यार्थियों ने रेवाड़ी (हरियाणा) में आयोजित सीबीएसई उत्तर क्षेत्र योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्कूल की अंडर-14 और अंडर-19 बालिका टीमों ने हिस्सा लिया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में विद्यालय की टीम ने करीब 30 टीमों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। टीम ने पांच कांस्य पदक भी अपने नाम किए, जिससे विद्यालय के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई।
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण कक्षा 9 की छात्रा अनंता गुलाटी रहीं। उन्होंने इंडिविजुअल आर्टिस्टिक योग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर सीबीएसई राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। यह अनंता का चौथा राष्ट्रीय स्तर का प्रतिनिधित्व होगा। इससे पहले वह दो बार एसडीएफआई और एक बार सीबीएसई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं।
अंडर-19 टीम में सुगंधा गुलाटी (कक्षा 11), अनंता गुलाटी (कक्षा 9), गीत (कक्षा 10), वंशिका (कक्षा 11) और रिद्धिमा (कक्षा 8) शामिल रहीं। वहीं अंडर-14 टीम का प्रतिनिधित्व चक्षिता और दित्या, दोनों कक्षा 6 की छात्राओं ने किया।
विद्यालय के प्रिंसिपल पवन सूद ने सभी प्रतिभागियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से अनंता गुलाटी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही योग प्रशिक्षक श्रीमती गीता मिश्रा के समर्पण और मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में भी पूरी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.