चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए पूछा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 56 चुनावी वादों में से आखिर कितने पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में अब केवल चार महीने का समय बचा है, ऐसे में पंजाब सरकार जनता को अपने वादों का हिसाब दे।
नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंजाब के सनौर में शहीद सरदार उधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सपनों का पंजाब केवल विकास, ईमानदार नीयत और युवाओं के सशक्तिकरण से ही बन सकता है।
उन्होंने कहा कि केवल नारे लगाने से प्रदेश का विकास नहीं होता, बल्कि साफ नीयत और मजबूत नेतृत्व की जरूरत होती है। सैनी ने पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह प्रतिभाशाली युवाओं के साथ बड़ा अन्याय है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार अपने चुनावी संकल्पों को तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 70 संकल्प महज डेढ़ वर्ष में पूरे कर दिए गए हैं, जबकि बाकी संकल्पों पर तेजी से काम चल रहा है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पंजाब के लोगों से भी शहीद उधम सिंह के आदर्शों पर चलने और राज्य के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सनौर को राष्ट्रभक्ति की भूमि बताते हुए कहा कि यह केवल एक कस्बा नहीं, बल्कि देशभक्ति की प्रेरणा देने वाली पवित्र धरती है। उन्होंने शहीद उधम सिंह के जीवन और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेकर पूरी दुनिया को भारतीयों के आत्मसम्मान का संदेश दिया।
इससे पहले चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास 'संत कबीर कुटीर' में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह का साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।