चंडीगढ़: सतगुरु शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से चंडीगढ़ पहुंची पवित्र कलश यात्रा का शुक्रवार को वार्ड नंबर-20 स्थित हल्लो माजरा में रविदास मंदिर कमेटी द्वारा भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया और गुरु रविदास जी के बताए समानता, मानवता एवं भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रविदास मंदिर कमेटी के प्रधान लखविंदर लख्खी, खादी बोर्ड के चेयरमैन सरदार धीदार सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश झा सहित मंडल की पूरी टीम मौजूद रही। इसके अलावा मंडल महामंत्री सुरेश रोहिल्ला, मंडल उपाध्यक्ष सुमेर यादव, सचिव राम कुमार गहलोत, कन्वीनर जतिन मिश्रा, सोशल वर्कर अरविंद सिंह, रघुबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने सतगुरु श्री गुरु रविदास जी महाराज के चरणों में नमन करते हुए उनके सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में “सतगुरु रविदास जी महाराज की जय” और “जय गुरु रविदास जी” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सोशल वर्कर अरविंद सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज को एकजुट होकर मानवता के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। उनके अनुसार, 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली गई यह पवित्र कलश यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।