पंचकूला : सेक्टर-1 स्थित जिला न्यायालय और लघु सचिवालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को पंचकूला पुलिस हाई अलर्ट पर रही। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर पूरे परिसर को एहतियातन खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला न्यायालय और लघु सचिवालय को तत्काल खाली करवाया गया। इसके बाद डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते और पुलिस की विशेष टीमों ने परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिसके बाद स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया।
घटना के बाद कोर्ट परिसर के प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और उससे जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
पंचकूला पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। डीसीपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।