सोही मार्केट के सामने हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार को हिंदू संगठनों और गौ रक्षा दल के सदस्यों ने पुलिस चौकी पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जीरकपुर: बलटाना क्षेत्र की सोही मार्केट के सामने गुरुवार देर रात गाय के साथ कथित आपत्तिजनक हरकत का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को मौके पर पकड़कर रात में ही बलटाना पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों, गौ रक्षा दल के सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पुलिस चौकी पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर मौजूद हिंदू संगठन के प्रतिनिधि अशोक तिवारी, राजन, अमित और राकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई से ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। आरोपी की पहचान शिव राम, निवासी नोशेहरा जय राम जोत, गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

बलटाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 299, 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।