डेराबस्सी: तयोहारों से पहले लालड़ू पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रिहायशी इलाके में चल रहे कथित अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसएसपी एसएएस नगर हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसपी (ग्रामीण) मनप्रीत सिंह, एसपी डेराबस्सी बिक्रमजीत सिंह बराड़ और थाना लालड़ू प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने डहिर रोड स्थित बाणिया ट्रेडिंग और उससे जुड़े मकान पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान मकान से 54 बड़े और 84 छोटे डिब्बों में भरे पटाखे, 25 बोरे गंधक, पोटाश, सल्फर समेत पटाखा निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री, गत्ता और पैकिंग का सामान बरामद हुआ। दुकान से भी विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी मौके पर पटाखों के निर्माण और भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय गुप्ता (24) और अक्षित गुप्ता (26) निवासी डहिर रोड, लालड़ू के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। तीसरा आरोपी संजय गुप्ता फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि बिना लाइसेंस आबादी वाले क्षेत्र में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण आम लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों द्वारा बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण और बिक्री कर सरकारी नियमों की अनदेखी की जा रही थी। रिमांड के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।