डेराबस्सी: सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल के बीच डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कर्मचारियों और यूनियन नेताओं से हड़ताल समाप्त कर बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सफाई सेवकों और सीवरमैनों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और उनकी जायज़ मांगों के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।
रंधावा ने कहा कि सफाई सेवक समाज की रीढ़ हैं और उनकी सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसी सोच के तहत सरकार ने उनकी मासिक तनख्वाह 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही ठेकेदारी व्यवस्था समाप्त कर तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे सरकारी अनुबंध पर लाने तथा पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वालों को नियमित करने की नीति भी बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पहले भी बिजली बोर्ड, आम आदमी क्लीनिक और मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए किया है। ऐसे में सफाई कर्मचारी भी अपनी जायज़ मांगों को संवाद के माध्यम से सरकार के समक्ष रखें ताकि आम लोगों को सफाई जैसी जरूरी सेवाओं में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
विधायक ने कहा कि सरकार जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। मानसून से पहले ड्रेनों की सफाई और डी-सिल्टिंग जैसे कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि बिजली ढांचे को मजबूत बनाने के लिए भी बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज और आम आदमी क्लीनिकों में मुफ्त दवा व जांच जैसी योजनाएं जनता को लाभ पहुंचा रही हैं।
इस अवसर पर डेराबस्सी, जीरकपुर और लालड़ू नगर परिषदों के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।