मोहाली (Naren Danu) : सावन के पवित्र महीने में मोहाली भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक शाम भगवान शिव दे नाम’ भजन संध्या में हजारों श्रद्धालुओं के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना और आपसी भाईचारे को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि 1 अगस्त से खाटू श्याम जी, सालासर धाम, वृंदावन और ऋषिकेश के लिए भी मुफ्त तीर्थ यात्रा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार श्रद्धालुओं के आने-जाने, रहने और भोजन सहित पूरी व्यवस्था का खर्च उठाएगी।
22 शहरों में होंगे शिव भक्ति कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भगवान शिव की शिक्षाओं और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सावन महीने में पंजाब के 22 शहरों में ऐसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और संतों की पवित्र धरती है, जहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब एक ऐसे खूबसूरत गुलदस्ते की तरह है, जहां हर धर्म और संस्कृति के लोग प्रेम और सम्मान के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नफरत और विभाजन की राजनीति को जनता कभी सफल नहीं होने देगी।
महिलाओं और आम जनता के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुंच रहा है। मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार योजनाएं आम लोगों को राहत दे रही हैं।
68 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्य जारी हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब के हर परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने की पहल की गई है। अब तक इस योजना के तहत 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की तथा श्रद्धालुओं को सावन महीने की शुभकामनाएं दीं।