चंडीगढ़ (Naren Danu) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान स्वतंत्रता सेनानी और अमर क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह के शहादत दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास संत कबीर कुटीर में शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और देशभक्ति को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम की ऐसी मिसाल है, जो हमेशा देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के सम्मान और न्याय के लिए दिया गया शहीद उधम सिंह का सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालियांवाला बाग हत्याकांड के दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने का उनका संकल्प और वर्षों तक धैर्यपूर्वक संघर्ष करना अद्वितीय था। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह ने अपने साहस और दृढ़ निश्चय से पूरी दुनिया के सामने भारतीयों के आत्मसम्मान और संघर्ष की भावना को प्रदर्शित किया।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं उधम सिंह
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए देशसेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महान क्रांतिकारियों के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा देश और प्रदेश के विकास में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमेशा शहीद उधम सिंह जैसे वीर सपूतों का ऋणी रहेगा, जिन्होंने अपना जीवन देश की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए समर्पित कर दिया।