लंबे समय से खाली पड़े शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के पद भरने की तैयारी, शिक्षा भर्ती निदेशालय ने जारी की प्रक्रिया। आयु सीमा 18 से 37 वर्ष निर्धारित, उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, भर्ती से स्कूलों में खेल गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा।

चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब के सरकारी स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। शिक्षा भर्ती निदेशालय (ERD), पंजाब ने प्राइमरी कैडर के Physical Training Instructor (PTI) के 2000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से शुरू होगी।

शिक्षा भर्ती निदेशालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह भर्ती पंजाब के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शारीरिक शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। लंबे समय से खाली पड़े पीटीआई पदों को भरने से स्कूलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

31 जुलाई को जारी होंगे विस्तृत नियम

विभाग के अनुसार भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश 31 जुलाई को जारी किए जाएंगे। इसमें उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नीति, आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।

हजारों युवा लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। भर्ती पूरी होने के बाद सरकारी प्राथमिक स्कूलों में खेल प्रशिक्षकों की कमी दूर होने की संभावना है।

भर्ती से जुड़ी मुख्य जानकारी
भर्ती विभाग: शिक्षा भर्ती निदेशालय (ERD), पंजाब
विभाग: स्कूल शिक्षा विभाग, पंजाब
पद: PTI (Primary Cadre)
कुल पद: 2000
आवेदन शुरू होने की तारीख: 31 जुलाई 2026
आवेदन माध्यम: ऑनलाइन
कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास C.P.Ed, D.P.Ed या B.P.Ed में से कोई एक योग्यता होना अनिवार्य है।

आयु सीमा और शुल्क

उम्मीदवारों की आयु 18 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।

आवेदन शुल्क इस प्रकार रहेगा—

ESM/PWD: 500 रुपये
SC/ST/BC: 750 रुपये
अन्य वर्ग: 1500 रुपये
चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों के आधार पर किया जाएगा—

लिखित परीक्षा
दस्तावेज सत्यापन
मेडिकल परीक्षण
ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार शिक्षा भर्ती निदेशालय की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे तथा आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

विभाग ने भर्ती से संबंधित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-3115378 और ई-मेल recruitment@punjabeducation.gov.in भी जारी किया है।

अधिकारियों के अनुसार आवेदन की अंतिम तारीख जल्द घोषित की जाएगी। उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी सभी अपडेट शिक्षा भर्ती निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।