गुरदासपुर: खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने की दिशा में गुरदासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल और आधुनिक डिजिटल ट्रैकिंग तकनीक की मदद से बरामद किए गए 120 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी कार्यालय गुरदासपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान एसएसपी आदित्य ने मोबाइल फोन मालिकों को उनके फोन वापस किए। इस मौके पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और अपना खोया सामान वापस मिलने पर खुशी जताई।
एसएसपी आदित्य ने बताया कि पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल की सहायता से चोरी और गुम हुए मोबाइलों की पहचान कर उन्हें ट्रेस किया। सभी मोबाइल फोन मालिकों का सत्यापन पूरा करने के बाद ही उन्हें वापस किया गया।
CEIR पोर्टल से आसान हुई मोबाइल रिकवरी
एसएसपी ने बताया कि भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की ओर से शुरू किया गया CEIR पोर्टल चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने, उनके गलत इस्तेमाल को रोकने और उन्हें ट्रैक कर वापस दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल या नजदीकी पुलिस स्टेशन/सांझ केंद्र में शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
नशे के खिलाफ जनसहयोग की अपील
एसएसपी आदित्य ने कहा कि पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से नशा तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से जिले में अपराध नियंत्रण को और मजबूत किया जा सकता है।