जम्मू (Naren Danu) : श्री अमरनाथ यात्रा लगातार जारी है। शुक्रवार तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 24वां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। राहत की बात यह रही कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर मरम्मत कार्य के लिए यातायात बंद किए जाने से पहले ही श्रद्धालुओं का काफिला प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित पार कर गया।
संयुक्त पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार सुबह 2:42 बजे रवाना हुए जत्थे में कुल 1,605 श्रद्धालु शामिल थे। इनमें 1,215 पुरुष, 335 महिलाएं, 48 साधु, पांच साध्वियां और दो बच्चे शामिल हैं। यह जत्था 54 वाहनों के काफिले में रवाना हुआ, जिसमें 38 बसें, सात मीडियम मोटर वाहन और नौ हल्के वाहन शामिल थे।
1.35 लाख का आंकड़ा पार
इस जत्थे के रवाना होने के साथ ही इस वर्ष जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पवित्र गुफा के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़कर 1,35,806 हो गई है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
मरम्मत के लिए बंद रहा राष्ट्रीय राजमार्ग
उधमपुर और रामबन जिला प्रशासन के आदेश पर शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। गंगरू, किश्तवाड़ी पत्थर, समरोली और लाधा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क की मरम्मत, मलबा हटाने और ढलानों को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात रोका गया है, लेकिन अमरनाथ यात्रियों का काफिला बंदी लागू होने से पहले ही हाईवे के प्रभावित हिस्से को पार कर चुका था, जिससे यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ा।