डेराबस्सी: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा डेराबस्सी की ओर से ग्रीन एस्टेट में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान आदर्श नगर निवासी मास्टर करम सिंह, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य प्रीतम दास, राजकीय महाविद्यालय की सेवानिवृत्त प्राचार्य साधना संगर, हरियाणा के शिक्षक करम सिंह तथा सर्वहितकारी स्कूल की शिक्षिका प्रिया शर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त गुरु गुरुकुल स्कूल, वीआईपी एन्क्लेव के शिक्षकों को भी गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका को समाज निर्माण का आधार बताया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से नितिन जिंदल, अश्वनी शर्मा, जय प्रकाश, डॉ. बरखा राम, उपेश बंसल, रविंद्र वैष्णव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल शिक्षकों के सम्मान का पर्व नहीं, बल्कि समाज को ज्ञान और संस्कार प्रदान करने वाले गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।