चंडीगढ़ : भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा देश के युवाओं को "गटर जेनरेशन" कहे जाने पर महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं सोशल मीडिया स्टेट कोऑर्डिनेटर ममता डोगरा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बयान देश के करोड़ों युवाओं का अपमान है और भाजपा की युवा विरोधी सोच को उजागर करता है।
ममता डोगरा ने कहा, "देश का युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और संघर्ष से भारत का भविष्य बना रहा है। ऐसे युवाओं को 'गटर जेनरेशन' कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। भाजपा नेताओं को युवाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए, क्योंकि यही युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि जब देश के युवा शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य की मांग कर रहे हैं, तब उन्हें अपमानित करने वाले बयान देना जनता की भावनाओं का अनादर है। ममता डोगरा ने कंगना रनौत से देश के युवाओं से बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।