पंचकूला पुलिस लाइन सेक्टर-26 में आयोजित समारोह में ऑनरेरी इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह और सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। दोनों अधिकारियों ने दशकों तक पुलिस विभाग में सेवाएं देते हुए कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा में अहम योगदान दिया। डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भावना हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला पुलिस में लंबे समय तक समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से सेवाएं देने वाले ऑनरेरी इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह और सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह को सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में आयोजित समारोह के दौरान सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। पुलिस परिवार ने दोनों अधिकारियों का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और तालियों के साथ स्वागत किया तथा स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके सेवाकाल को याद किया।

ऑनरेरी इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह ने 37 वर्ष और सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने 33 वर्ष तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। दोनों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्य अतिथि डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने कहा कि वर्दी से सेवानिवृत्ति होती है, लेकिन ईमानदारी, अनुशासन और सेवा की पहचान जीवनभर समाज तथा पुलिस परिवार के लिए प्रेरणा बनी रहती है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

समारोह में मोहिंदर सिंह के पौत्र ने कविता प्रस्तुत कर उनके गौरवपूर्ण सेवाकाल को याद किया। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन और डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने भी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन एएसआई शिवानी ने किया।