जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने विदेश जाने के क्रेज और कम उम्र की फर्जी शादियों को लेकर समाज को गंभीर चेतावनी दी है। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता के निर्देश पर डीएसपी (डी) सागर बलाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि आज लोग बच्चों को विदेश भेजने के लालच में उनका अच्छा-बुरा भूल चुके हैं। उन्होंने चिंता जताई कि थानों और कचहरियों में आने वाली 80 प्रतिशत से अधिक शिकायतें नए विवाहित जोड़ों और लव मैरिज से जुड़ी होती हैं।
कागजी शादियां: विदेश भेजने के लालच में कम उम्र में पेपर मैरिज (कागजी विवाह) करवाने से युवाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वीजा धोखाधड़ी: स्टडी वीजा पर लाखों खर्च कर पार्टनर को विदेश भेजने के बाद कई मामलों में लोगजवाब बदल देते हैं। ऐसे धोखे लड़के और लड़की दोनों पक्षों की तरफ से सामने आ रहे हैं, जिससे लोग अपनी गाढ़ी कमाई गंवाकर कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटते हैं।
एजेंटों की जांच: किसी भी इमीग्रेशन कंसल्टेंट की विश्वसनीयता और रिकॉर्ड की पूरी जांच किए बिना और बिना लिखित सबूत के मौखिक वादों पर भरोसा न करें।
संस्थानों की सत्यता: जिस कॉलेज या यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया जा रहा है, उसकी मान्यता, कोर्स और वीजा दस्तावेजों की प्रामाणिकता की पूरी पड़ताल बेहद जरूरी है। गलत दस्तावेज भविष्य में कानूनी मुश्किलें पैदा कर सकते हैं।
मानसिक और व्यावहारिक तैयारी: विदेश भेजने से पहले बच्चे को वहां के स्थानीय कानूनों, वित्तीय प्रबंधन और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए तैयार करें। माता-पिता से नियमित संपर्क उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी है।
पुलिस की पहल:
डीएसपी सागर बलाल ने बताया कि लुधियाना ग्रामीण पुलिस लोगों की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुनती है। पुलिस का मुख्य प्रयास आपसी रजामंदी के जरिए टूटेते परिवारों और घरों को फिर से बसाना है ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।