नई दिल्ली (Naren Danu) : पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ पर गुरुवार को देशभर में आस्था और भक्ति का माहौल नजर आया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्रावण मास को केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं बल्कि प्रकृति, आध्यात्मिकता और आत्मशुद्धि का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का स्वरूप जल, वन, पर्वत और समस्त जीव-जगत के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से इस पवित्र महीने में पूजा-अर्चना के साथ पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता का संकल्प लेने की अपील की।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि श्रावण मास आस्था, संयम और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने भगवान महादेव से प्रार्थना की कि यह पावन महीना सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक विकास और शांति लेकर आए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भगवान शिव की कृपा से सभी के जीवन में खुशियां, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो। उन्होंने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ लोगों को शुभकामनाएं दीं।
नेताओं ने दिए संदेश
पीयूष गोयल: भगवान महादेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा की कामना की।
किरेन रिजिजू: श्रावण मास को सेवा, आस्था और आत्मचिंतन का संदेश देने वाला पर्व बताया। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं सहित सभी देशवासियों के लिए सुख-शांति की प्रार्थना की।
नेताओं ने अपने संदेशों में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव, प्रकृति संरक्षण और मानव कल्याण को भी श्रावण मास की भावना से जोड़ा। देशभर में शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।