नई दिल्ली (Naren Danu) : गुजरात, बिहार और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह सात बजे से उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। तीनों सीटों पर मतगणना 3 अगस्त को होगी।
बिहार की बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। यहां भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता भी मैदान में हैं।
मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई। यहां भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।
वहीं, गुजरात की मंजलपुर सीट पर उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक रहे पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण कराया जा रहा है। भाजपा ने यहां सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई मंजलपुर सीट पर अब तक भाजपा का ही कब्जा रहा है।
निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ ईवीएम और वीवीपैट की व्यवस्था की है। तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।