जीरकपुर: पीर मुछल्ला क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बदहाल पड़ी आस्था सिटी रोड के निर्माण कार्य की बुधवार से शुरुआत हो गई। सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत कर रहे थे। अब नगर परिषद ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले हलका डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने पीर मुछल्ला का दौरा किया था। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनके समक्ष सड़क की खराब हालत और आवाजाही में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। विधायक ने मौके पर ही नगर परिषद के अधिकारियों को निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए थे।
बुधवार को नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण रोजाना वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बारिश के दौरान जलभराव और गड्ढों से स्थिति और गंभीर हो जाती थी।
आम आदमी पार्टी के वार्ड-11 इंचार्ज संदीप पुनिया ने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आस्था सिटी रोड का निर्माण शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।
संदीप पुनिया ने कहा कि विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के निर्देश पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। उनका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है तथा विकास कार्यों में सभी के सहयोग से पीर मुछल्ला की अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।