‘पंजाब का एक ही नारा–भगवंत मान दोबारा’ अभियान के तहत आम आदमी पार्टी ने बलटाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2, 3 और 4 में जनसभाएं आयोजित कीं। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से पारदर्शिता के साथ काम करने तथा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का आह्वान किया।

जीरकपुर :आम आदमी पार्टी ने जीरकपुर के बलटाना क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को वार्ड नंबर-2, 3 और 4 में जनसभाओं का आयोजन किया। कार्यक्रम 'पंजाब का एक ही नारा–भगवंत मान दोबारा' अभियान के तहत आयोजित किए गए, जिनमें हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने क्षेत्रवासियों को संबोधित किया।

विधायक रंधावा ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में कई कार्य किए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने स्थानीय निकायों और पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्षदों और वार्ड प्रभारियों की जिम्मेदारी है कि वे विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें तथा क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वच्छता, हरियाली, नशामुक्त समाज और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है तथा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर नगर परिषद जीरकपुर के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह विरक, वार्ड नंबर-2 की पार्षद कलावती देवी, वार्ड नंबर-3 के वार्ड प्रभारी नदीम सलमानी, वार्ड नंबर-4 के वार्ड प्रभारी अर्शप्रीत सिंह, पार्टी पदाधिकारी, पार्षद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।