मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में हुई F&CC बैठक में 15.31 लाख रुपये से स्पोर्ट्स कोर्ट के पुनर्विकास सहित शहर के विभिन्न सेक्टरों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली। बच्चों के लिए आधुनिक प्ले एरिया, बेहतर लाइटिंग, हरियाली विस्तार, डड्डूमाजरा में मॉनिटरिंग सिस्टम और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर नगर निगम ने विशेष फोकस किया।

चंडीगढ़ : नगर निगम चंडीगढ़ की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी की बैठक बुधवार को मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में वार्ड नंबर-23 के पार्कों में बास्केटबॉल कोर्ट और वॉलीबॉल कोर्ट के पुनर्विकास कार्य को मंजूरी दी गई। इस प्रोजेक्ट पर करीब 15.31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत खेल मैदानों की सतह और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को आउटडोर खेलों के लिए बेहतर माहौल मिल सके।

मेयर सौरभ जोशी ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि चंडीगढ़ के सभी सेक्टरों के पार्कों में चरणबद्ध तरीके से बच्चों के लिए बेहतर प्ले एरिया विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और मनोरंजक माहौल उपलब्ध करवाना जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने पार्कों में शाम के समय बेहतर रोशनी के लिए ग्लोब लाइट्स और पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, स्पेशल कमिश्नर हरप्रीत सिंह सूदन, सहित कमेटी सदस्य हरजीत सिंह, जसबीर सिंह बंटी, राजिंदर कुमार शर्मा, योगेश धींगरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शहर में कई विकास कार्यों को मंजूरी

F&CC ने सेक्टर-35 सी ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने के कार्य को 5.35 लाख रुपये, गांव खुड्डा लाहौरा में सीवरेज सिस्टम मजबूत करने के लिए 27.16 लाख रुपये और सेक्टर-31 में लो प्रेशर की समस्या दूर करने के लिए नई डीआई वाटर सप्लाई लाइन बिछाने के कार्य को 24.71 लाख रुपये की मंजूरी दी।

इसके अलावा गांव कैंबवाला में डीप बोर ट्यूबवेल लगाने के लिए 35.92 लाख रुपये, सेक्टर-46 के पार्कों में मरम्मत एवं पेंटिंग कार्य के लिए 21.70 लाख रुपये और सेक्टर-2, 3, 4, 7, 8 व 9 के पार्कों में जिम्नास्टिक व बच्चों के खेल उपकरण लगाने के लिए 29.20 लाख रुपये मंजूर किए गए।

पार्कों, सड़कों और सामुदायिक केंद्रों के सुधार पर फोकस

बैठक में धनास, सेक्टर-23, सेक्टर-40, सेक्टर-29, सेक्टर-39 और अन्य क्षेत्रों के पार्कों में टो वॉल, एमएस रेलिंग, गेट और फुटपाथ की मरम्मत के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

सेक्टर-56 EWS कॉलोनी में पेवर ब्लॉक लगाने, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में सड़क मरम्मत, हल्लोमाजरा गांव में गलियों के निर्माण, मनीमाजरा में नई सड़क निर्माण और सेक्टर-13 मनीमाजरा मार्केट में फर्श सुधार कार्य को भी मंजूरी मिली।

डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में मॉनिटरिंग सिस्टम लगेगा

कमेटी ने डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS) और एफ्लुएंट मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इस कार्य पर करीब 42.32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

MRF सेंटर में रिसाइकल सामग्री के नए रेट तय

बैठक में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित MRF सेंटर में रिसाइकल सामग्री की नीलामी के लिए नए रिजर्व प्राइस को भी मंजूरी दी गई। बाजार दरों को देखते हुए प्लास्टिक/मिक्स प्लास्टिक का रेट 20 से बढ़ाकर 25 रुपये प्रति किलो, आयरन का 23 से 25 रुपये प्रति किलो, कार्डबोर्ड का 5 से 7 रुपये प्रति किलो, ग्लास का 3 से 5 रुपये प्रति किलो और एल्युमिनियम कैन का रेट 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलो किया गया है।

तिब्बती पटोला मार्केट को राहत

F&CC ने सेक्टर-17 सर्कस ग्राउंड में लगने वाली तिब्बती पटोला मार्केट के लिए केवल उपयोग किए जा रहे हिस्से का ही किराया लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। नगर निगम के अनुसार इससे बाजार संचालकों को राहत मिलेगी और किराया व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।

बैठक में कम्युनिटी सेंटरों के रखरखाव, मल्टीपर्पज कॉम्प्लेक्स अटावा में एसी लगाने, कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म उपलब्ध करवाने और नगर निगम मुख्यालय के लिए दो नई स्टाफ कार खरीदने सहित कई अन्य प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।