चंडीगढ़ : हरियाणा में सरकारी नौकरियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा दावा किया है। पंचकूला में ग्रुप-डी के 3,586 नव-चयनित कर्मचारियों के परिचयात्मक कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि प्रदेश में भर्ती व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है और अब युवाओं को बिना ‘पर्ची-खर्ची’ के उनकी मेहनत, योग्यता और प्रतिभा के आधार पर नौकरी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में 42,500 युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, सरकार के करीब साढ़े 11 साल के कार्यकाल में लगभग 2 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार दिया गया है। कार्यक्रम में उन्होंने 6 नव-चयनित कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
नायब सैनी ने नए कर्मचारियों से कहा कि वे सिर्फ सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि ‘गुड गवर्नेंस की डिलीवरी टीम’ हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याएं धैर्य से सुनें और उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकारी नियम जनता की मदद के लिए हैं, उन्हें परेशान करने के लिए नहीं।
सीएम ने भर्ती और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के विदेश रोजगार का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से हरियाणा के युवाओं को दुबई, इजराइल सहित अन्य देशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही अवैध एजेंटों और ‘डंकी रूट’ से बचाने के लिए कानून बनाने की बात भी कही।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित सरकार और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना से काम करने का आह्वान किया।