जीरकपुर : ढकोली स्थित एमएस एन्क्लेव में एक प्लॉट को लेकर विवाद अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है। प्लॉट खरीदार होने का दावा करने वाले रवि पलटा और मुकेश जिंदल ने बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों ने दावा किया कि उन्होंने सुरेंद्र कुमार से संबंधित प्लॉट की विधिवत खरीद की थी तथा उनके पास रजिस्ट्री, इंतकाल और अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने प्लॉट का नंबर मिटाकर कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं।
रवि पलटा और मुकेश जिंदल के अनुसार, उन्होंने मामले की शिकायत ढकोली थाना, एसपी और एसएसपी कार्यालय सहित कई अधिकारियों को लिखित रूप से दी। इसके अलावा पुलिस सहायता के लिए 100 और 112 नंबर पर भी कॉल की, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि वे लगातार न्याय की उम्मीद में प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान दोनों ने प्लॉट से संबंधित दस्तावेजों के साथ कुछ तस्वीरें भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत कीं। उनका दावा है कि इन तस्वीरों में प्लॉट पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किए जाने के प्रमाण दिखाई देते हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
पुलिस का पक्ष
मामले में संपर्क करने पर ढकोली थाना प्रभारी सतिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में थाना प्रभारी का कार्यभार संभाला है। उनके अनुसार अभी उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या गलत कार्रवाई सामने आती है तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
नोट: फिलहाल मामला जांचाधीन है। पीड़ितों ने अपने आरोप सार्वजनिक किए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के दावों की पुष्टि पुलिस जांच के निष्कर्षों के बाद ही हो सकेगी।