धमकी भरे कॉल मिलते ही पुलिस, एंटी-सबोटाज टीम और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है। शुरुआती जांच में मामला फर्जी धमकी या शरारत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर कॉल करने वाले की पहचान में जुटी है।

अबोहर (Naren Danu) : पंजाब के अबोहर में बुधवार सुबह चार निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल कक्षाएं स्थगित कर छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित घर भेज दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी-सबोटाज टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे चार निजी स्कूलों को धमकी भरे फोन कॉल प्राप्त हुए। मामले की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संबंधित स्कूलों के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

एंटी-सबोटाज टीमों ने शुरू की जांच

अबोहर के डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए हैं। एंटी-सबोटाज टीमों द्वारा स्कूलों के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि परिसर में कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री मौजूद न हो।

सुरक्षा के लिए स्कूलों में छुट्टी

धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर तत्काल छुट्टी घोषित कर दी। छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया। अभिभावकों को भी स्थिति की जानकारी देकर बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए कहा गया।

फर्जी कॉल होने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला शरारत या फर्जी धमकी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और कॉल की लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।