जम्मू (Naren Danu) : पवित्र अमरनाथ यात्रा के तहत बुधवार तड़के श्रद्धालुओं का 22वां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ। अधिकारियों के अनुसार, 2,051 तीर्थयात्री 82 वाहनों के काफिले में बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुए।
यात्रा के लिए निकले काफिले में 48 बसें, आठ मीडियम मोटर वाहन (एमएमवी), 25 लाइट मोटर वाहन (एलएमवी) और एक दोपहिया वाहन शामिल था। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में जत्था सुबह करीब 2:45 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
महिलाएं, साधु और विदेशी श्रद्धालु भी शामिल
अधिकारियों के मुताबिक इस जत्थे में 1,570 पुरुष, 369 महिलाएं, दो बच्चे, 58 साधु, 21 साध्वियां, एक साधु बालक तथा 30 विदेशी श्रद्धालु शामिल हैं। विदेशी श्रद्धालुओं में 14 पुरुष और 16 महिलाएं हैं।
इस बार सभी श्रद्धालुओं को बालटाल मार्ग से रवाना किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य चलने के कारण बुधवार को उस रूट के लिए कोई काफिला निर्धारित नहीं किया गया।
जम्मू से अब तक 1.32 लाख से अधिक श्रद्धालु रवाना
22वें जत्थे के प्रस्थान के साथ ही इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू बेस कैंप से पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 1,32,406 पहुंच गई है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।