चंडीगढ़: पंजाब के लुधियाना में अगस्त माह में आयोजित होने जा रहे ‘यंग एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड्स-2026’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। इसी सिलसिले में यू-टर्न अखबार के एडिटर संदीप शर्मा, क्राइम रिपोर्टर अजीत कुमार झा और राजस्थान परिवार सेवा संस्था के चेयरमैन पवन शर्मा ने राजभवन में उनसे शिष्टाचार भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को आयोजन की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि ‘यंग एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड्स-2026’ का उद्देश्य पंजाब के युवा उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे युवाओं को सम्मानित करना है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह आयोजन युवाओं में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर भारत के विजन से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने यू-टर्न अखबार की जनहित और निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है और पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज और आम लोगों की आवाज को निष्पक्ष, तथ्यपरक और निर्भीकता से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना भी है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को इसी तरह मजबूती और बेबाकी से उठाते रहें।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को उद्योग, नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का भी मंच बनेगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के दौरान सामाजिक सरोकार, युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर, सकारात्मक पत्रकारिता तथा समाजहित के विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि राज्यपाल की उपस्थिति से कार्यक्रम को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।