बलटाना के वधावा नगर में बरसाती पानी की निकासी के लिए शुरू किया गया चैंबर निर्माण एक माह बाद भी अधूरा पड़ा है। खुदी सड़क पर कीचड़ और सीवरेज का पानी जमा होने से स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाराज लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन कर निर्माण कार्य तुरंत पूरा कराने और सड़क की मरम्मत की मांग उठाई।

जीरकपुर : बलटाना के वधावा नगर में बरसाती पानी की निकासी के लिए शुरू किया गया चैंबर निर्माण कार्य एक माह बाद भी पूरा नहीं हो सका है। करीब 100 मीटर तक खुदी सड़क बारिश के बाद कीचड़ और सीवरेज के पानी से भर गई है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद काम पूरा नहीं होने से नाराज लोगों ने मंगलवार को नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने गहरे गड्ढे के बीच डंडे के सहारे एक सीढ़ी खड़ी कर दी, ताकि वहां से गुजरने वाले लोगों को खतरे का अंदाजा हो सके और कोई हादसा न हो। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब नगर परिषद चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगा सकी तो उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए खुद व्यवस्था करनी पड़ी।

स्थानीय निवासी रमन सैनी, साहिल, मनिंदर सिंह, रेनू, सुनीता, सुमित और आनंद ने बताया कि सड़क खुदे होने और बरसाती पानी जमा रहने से कई स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। दोपहिया वाहन चालक आए दिन कीचड़ में फंस रहे हैं, जबकि कई कारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही निर्माण कार्य पूरा कराने की दिशा में कोई कदम उठाया गया।

लोगों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन एक छोटी सड़क का निर्माण भी समय पर पूरा नहीं हो पा रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चैंबर निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

स्थायी समाधान की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अधूरा चैंबर निर्माण कार्य तत्काल पूरा किया जाए, सड़क की मरम्मत कराई जाए और बरसाती पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी और संभावित हादसों से राहत मिल सके।