जनहित समिति (रजि.) पटियाला ने सरकारी आईटीआई (लड़के) में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान चलाकर करीब 50 फलदार पौधे लगाए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राकेश कुमार बंगा और जिला सांझ केंद्र प्रभारी सुखजिंदर सिंह बाजवा ने पौधों की नियमित देखभाल पर जोर देते हुए प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।

पटियाला : जनहित समिति (रजि.) पटियाला ने अध्यक्ष एसके गौतम और महासचिव स्टेट अवार्डी विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में सरकारी आईटीआई (लड़के), नाभा रोड-मॉडल टाउन में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान शुरू किया। प्रधानाचार्य राकेश कुमार बंगा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 फलदार पौधे लगाए गए।

समारोह में प्रधानाचार्य राकेश बंगा और जिला सांझ केंद्र पटियाला पुलिस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह बाजवा मुख्य अतिथि रहे। पौधे लगाने में संस्था सदस्य अनीता बंसल और उनके पुत्र डॉ. एके बंसल का विशेष सहयोग रहा।

राकेश बंगा और सुखजिंदर बाजवा ने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से जीवन में कम से कम पांच पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संभालने की अपील की। पर्यावरण प्रभारी अनिल खन्ना ने वृक्षों को पर्यावरण संतुलन और प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और संस्था सदस्यों ने पौधों की देखभाल करने की शपथ ली। वक्ताओं ने जनहित समिति द्वारा जरूरतमंदों को राशन, एम्बुलेंस, दवाएं, व्हीलचेयर तथा महिलाओं को मुफ्त सिलाई-कढ़ाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण देने के प्रयासों की सराहना की।