नगर निगम बठिंडा के तीन वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान दर्जनों परिवारों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार के विकास कार्यों से जनता का भरोसा बढ़ रहा है और संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

बठिंडा (सोनू टुटेजा) : नगर निगम के वार्ड नंबर 30, 32 और 34 में आम आदमी पार्टी (आप) को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं और दर्जनों परिवारों ने पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। अलग-अलग आयोजित कार्यक्रमों में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के प्रधान श्री अमरजीत मेहता ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का झंडा पहनाकर भव्य स्वागत किया और उन्हें विधिवत पार्टी में शामिल करवाया।

वार्ड नंबर 30 में पार्षद श्री रतन राही, पार्षद श्रीमती राजिंदर कौर तथा वरिष्ठ नेता श्री बलदेव सिंह की अगुवाई में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े दर्जनों परिवारों ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी नेताओं ने नए साथियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

इसी क्रम में ब्लॉक प्रधान श्री प्रेम गर्ग की अगुवाई में वार्ड नंबर 32 से श्री अंकुर गर्ग व वार्ड नंबर 34 से श्री शाम लाल वर्मा ने अपने परिवारों तथा दर्जनों साथियों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल होकर पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त किया।

इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान श्री अमरजीत मेहता ने कहा कि आम आदमी पार्टी आज ईमानदार राजनीति, जनसेवा और विकास की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बठिंडा में लगातार बढ़ रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि लोग पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर विकास और पारदर्शी शासन को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान किया जाएगा तथा उन्हें संगठन में पूरा मान-सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।

श्री मेहता ने कहा, “मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। वहीं बठिंडा के मेयर श्री पदमजीत सिंह मेहता द्वारा शहर में करवाए जा रहे विकास कार्यों ने जनता का विश्वास जीता है। यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और परिवार लगातार आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। आने वाले समय में यह जनसमर्थन और अधिक बढ़ेगा तथा बठिंडा में आप पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगी।”

पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों ने कहा कि वे बठिंडा के मेयर श्री पदमजीत सिंह मेहता द्वारा शहर में करवाए जा रहे विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान सरकार की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आप की अगुवाई में पंजाब और बठिंडा विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।