अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में ईडी ने एलबी सिंह समेत कई लोगों के ठिकानों पर जांच शुरू की। एजेंसी ने दस्तावेजों की तलाश में कार्रवाई की, जबकि इससे पहले भी छापेमारी में जमीन के कागजात और करोड़ों की नकदी बरामद हो चुकी है।

रांची (Naren Danu) : अवैध कोयला खनन और उससे अर्जित कथित अवैध संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह झारखंड के धनबाद में बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने कोयला कारोबार से जुड़े कई लोगों और उनके सहयोगियों के करीब 25 ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की तलाश शुरू कर दी है।

ईडी की कार्रवाई कोयला माफिया एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनसे जुड़े लोगों के परिसरों पर की गई। एजेंसी की टीमें सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी हुई हैं।

अवैध खनन और परिवहन से संपत्ति अर्जित करने का आरोप

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने इस मामले में चार अलग-अलग एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी को जानकारी मिली है कि एलबी सिंह और उनके सहयोगियों ने कथित तौर पर अवैध तरीके से कोयला खनन, परिवहन और भंडारण कर बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की।

जांच के दौरान एजेंसी अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों के दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है।

एलबी सिंह के रिश्तेदार के घर भी पहुंची टीम

ईडी की टीम एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची। बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह ने घर अंदर से बंद कर लिया, जिसके बाद ईडी की टीम बाहर मौजूद रही।

गौरतलब है कि इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के धनबाद व दुमका स्थित करीब 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में एजेंसी को 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज और करीब ₹2.20 करोड़ नकद बरामद हुए थे।

ईडी के अनुसार, पिछली जांच में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले थे। ताजा कार्रवाई में एजेंसी उन्हीं कड़ियों को आगे बढ़ाते हुए कथित अवैध नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों की जांच कर रही है।