नोएडा (Naren Danu) : ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रहे एक चीनी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वह भारत में रह रहा था और उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपनी पहचान से जुड़े कई प्रमाण पत्र बनवा लिए। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और उसके भारत में रहने के उद्देश्य की जांच की जा रही है।
थाना बीटा-2 पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर सोमवार रात एनआरआई सिटी के पास से चीनी नागरिक सॉन्ग जियाओमी (38) को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक वह ग्रेटर नोएडा की जेपी ग्रीन सोसाइटी में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2019 में एक साल के वैध वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा 26 जून 2019 से 25 जून 2020 तक वैध था। अवधि समाप्त होने के बाद भी वह भारत में रुका रहा। आरोप है कि उसने वीजा खत्म होने के बाद कथित धोखाधड़ी कर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और इसी आधार पर पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज तैयार करा लिए।
भारत में रहकर चला रहा था कंपनी
पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने मणिपुर की रहने वाली एक युवती से शादी की है। दंपती की करीब तीन साल की बेटी भी है। आरोपी अपनी पत्नी के नाम से एक कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालित कर रहा था।
जासूसी एंगल की भी जांच
पुलिस और खुफिया एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वह भारत में किस उद्देश्य से रह रहा था और क्या उसकी गतिविधियों का किसी संदिग्ध नेटवर्क से कोई संबंध है।
पुलिस आरोपी के दस्तावेजों, भारत में संपर्कों, कारोबारी गतिविधियों और पिछले रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।