140 वाहनों के काफिले में पुरुष, महिलाएं, साधु-साध्वियां और बच्चे शामिल; भगवती नगर बेस कैंप से अब तक 1.27 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा पर निकले, बालटाल से 4,331 यात्री जम्मू लौटे।

जम्मू (Naren Danu) : पवित्र अमरनाथ यात्रा के तहत सोमवार को 20वें जत्थे के 3,823 श्रद्धालु जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल के लिए रवाना हुए। तीर्थयात्रियों का काफिला तड़के 2:47 बजे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से अपने गंतव्य की ओर बढ़ा।

अधिकारियों के अनुसार, 140 वाहनों के काफिले में 82 बसें, 20 मध्यम वाहन और 38 हल्के मोटर वाहन शामिल थे। जत्थे में 2,882 पुरुष, 838 महिलाएं, दो बच्चे, 84 साधु और 17 साध्वियां शामिल हैं।

यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। ट्रैफिक अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील हिस्सों में काफिले की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की।

सोमवार के जत्थे के रवाना होने के साथ ही इस वर्ष भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 1,27,326 पहुंच गई है। समुद्र तल से 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा लगातार जारी है। वहीं, सोमवार को बालटाल आधार शिविर से 4,331 श्रद्धालु यात्रा पूरी कर सकुशल जम्मू लौटे।