राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और रक्षा मामलों से जुड़ी दो अहम संसदीय समितियों में मिली जिम्मेदारी; भाजपा नेताओं ने इसे नेतृत्व का विश्वास और चुघ के संसदीय अनुभव का सम्मान बताया।

बठिंडा (नवीन गोगना) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को संसद की दो महत्वपूर्ण समितियों में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। उन्हें संसदीय गृह मामलों की स्थायी समिति (Parliamentary Standing Committee on Home Affairs) तथा रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति (Consultative Committee for the Ministry of Defence) का सदस्य बनाया गया है। इसे संसद में उनकी बढ़ती जिम्मेदारी और संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सीमा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, गृह मंत्रालय की नीतियों, विधेयकों तथा बजटीय प्रावधानों की गहन समीक्षा करती है। समिति विभिन्न विषयों पर विस्तृत अध्ययन कर सरकार को नीतिगत सुझाव भी देती है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और सुशासन को मजबूती मिलती है।
इसके अलावा, तरुण चुघ को रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति में भी शामिल किया गया है। यह समिति सांसदों और रक्षा मंत्रालय के बीच नियमित संवाद का महत्वपूर्ण मंच है, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा, सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण, सीमा क्षेत्रों के विकास, रक्षा तैयारियों तथा सैन्य कर्मियों के कल्याण से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होती है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक भारती और मिठू राम गुप्ता ने तरुण चुघ को दोनों समितियों का सदस्य बनाए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उनके संसदीय अनुभव, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण समितियों में तरुण चुघ की नियुक्ति से राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर होने वाली चर्चाओं तथा नीतिगत निर्णयों को मजबूती मिलेगी। उनके संगठनात्मक और संसदीय अनुभव का लाभ देशहित में मिलेगा।

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर तरुण चुघ को महत्वपूर्ण संसदीय दायित्व सौंपकर उन पर भरोसा जताया है और वह अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगे।