जालंधर (नवीन गोगना) : काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मॉड्यूल के संचालक सतबीर सिंह निवासी गांव पड़ियाना, आदमपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता वाले विस्फोटक से भरा आईईडी बरामद किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आईईडी में शरापनेल और बॉल बेयरिंग लगाए गए थे। आरोपी के पास से काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था और पंजाब में शांति तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी।
काउंटर इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि बीकेआई मॉड्यूल का सदस्य विस्फोटक सामग्री लेकर आ रहा है। इसके बाद गांव ढंडौर के पास संयुक्त नाका लगाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से आईईडी बरामद हुई।
डीजीपी ने कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ी आतंकी घटना टल गई। मामले में विदेशी हैंडलरों, स्थानीय सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। थाना पतारा में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।