लुधियाना: श्री राम शरणम्, श्री राम पार्क में रविवार को आयोजित साप्ताहिक सत्संग में प्रमुख संत अश्वनी बेदी जी ने कहा कि सच्चा राम भक्त किसी भी प्रकार के भेदभाव, जाति-पाति और पक्षपात को त्यागकर सभी जीवों में एक ही परमात्मा का दर्शन करता है। उन्होंने परम पूज्य स्वामी सत्यानंद जी महाराज के ग्रंथ भक्ति प्रकाश का उल्लेख करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण और निष्काम भक्ति ही जीवन का वास्तविक सुख प्रदान करती है तथा पूर्व पापों का नाश करती है।
उन्होंने कहा कि साधक में शांति, विवेक, वैराग्य, इंद्रिय संयम और ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा जैसे गुण विकसित होते हैं। राम-नाम का सच्चा ध्यान अज्ञान, अहंकार और मोह को समाप्त कर मनुष्य को मुक्ति के मार्ग पर ले जाता है। जैसे सूर्य बिना भेदभाव के सब पर समान रूप से प्रकाश देता है, वैसे ही सच्चा भक्त सभी में एक ही राम का स्वरूप देखता है।
संत अश्वनी बेदी जी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का महापूजन 29 जुलाई को प्रातः 9 से 11 बजे तक शहंशाह पैलेस, लुधियाना में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि गुरु केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली चेतना हैं। सत्संग में सुमित गुप्ता, शिवानी गुप्ता, नंदिनी जयरथ, सुदर्शन जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।