नई दिल्ली (Naren Danu) : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया।
पत्र में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्र निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय सुरक्षा बलों ने उन पर बल प्रयोग किया। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान आंसू गैस और अन्य साधनों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए।
राहुल गांधी ने सबसे ज्यादा सवाल पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर उठाए। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में गंभीर रूप से घायल लोगों को देखा गया है, जिनमें एक पत्रकार भी शामिल है। उन्होंने 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब का भी जिक्र किया, जिसके पैलेट गन से घायल होने और आंख की रोशनी प्रभावित होने का दावा किया।
कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री से दो सवाल पूछते हुए कहा कि क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन जैसे बल प्रयोग की अनुमति गृह मंत्रालय की ओर से दी गई थी। यदि नहीं, तो इसकी मंजूरी किसने दी। उन्होंने सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठी चलाने वाले लोगों की पहचान और उनकी तैनाती को लेकर भी जवाब मांगा।
राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और बातचीत के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान निकाले। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।