नई दिल्ली (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित 'मन की बात' कार्यक्रम के 136वें एपिसोड में विज्ञान, नवाचार, खेल, राष्ट्रीय सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों के साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
प्रधानमंत्री ने विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण और अंतरराष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवा विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की हालिया उपलब्धियों को भी देश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया।
उन्होंने केरल में फुटबॉल के माध्यम से संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने की अनूठी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास भारतीय संस्कृति और आधुनिक सोच का सुंदर संगम हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ वैश्विक रक्षा साझेदार के रूप में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने जल संरक्षण के लिए चल रहे 'कैच द रेन' अभियान में बढ़ती जनभागीदारी की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के एक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही हर्बल चाय का जिक्र करते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। साथ ही उन्होंने देशभर में प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों द्वारा किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की भी प्रशंसा की।